देहरादून: प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। सामान्य से करीब 8 डिग्री तक पारा लुढ़कने से ठंड फिर लौट आई है और लोगों को दोबारा गर्म कपड़े निकालने पड़े। सुबह के समय बारिश के कारण दफ्तर और बाजार जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित रहा।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के कई पहाड़ी जिलों में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
अन्य पर्वतीय जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
हालांकि मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन बादल छाए रहने की संभावना है। राजधानी देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बादल बन सकते हैं। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है।

