देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने पीसीएस मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा 27 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच आयोजित की जाएगी। आयोग के अनुसार, अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 11 अप्रैल को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि 27 अप्रैल को सामान्य हिंदी और निबंध का पेपर होगा। 28 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-1 और सामान्य अध्ययन-2 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं 29 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-3 और सामान्य अध्ययन-4 तथा 30 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-5 और सामान्य अध्ययन-6 के पेपर होंगे।
इस बीच आयोग ने सख्ती दिखाते हुए निर्धारित 5 फरवरी तक मुख्य परीक्षा शुल्क जमा न करने वाले 41 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया है। इन सभी के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं।
वहीं दूसरी ओर, आयोग ने उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 21 से 24 अप्रैल के बीच हरिद्वार स्थित आयोग के परीक्षा भवन में आयोजित होगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

