रुद्रप्रयाग। जिले में सोमवार सुबह से घने बादल छाए हुए हैं। लगातार बारिश के बीच अलकनंदा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर पर पहुंच गया है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार सुबह सात बजे अलकनंदा का जलस्तर 626.00 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर के बराबर है। नदी के जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी तटों से दूर रहने और अनावश्यक रूप से नदी के समीप न जाने की अपील की है।
पिछले 24 घंटे में रुद्रप्रयाग तहसील में 4.00 मिमी, ऊखीमठ में 12.50 मिमी और जखोली में 25.00 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मंदाकिनी का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे
सुबह सात बजे की रिपोर्ट के अनुसार मंदाकिनी नदी का जलस्तर 624.70 मीटर दर्ज किया गया। वहीं गंगानगर में जलस्तर 800.20 मीटर और गौरीकुंड में 1973.80 मीटर रहा। ये सभी अपने-अपने चेतावनी स्तर से नीचे हैं।
अलकनंदा के चेतावनी स्तर पर पहुंचने के बाद नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने से बचने और सतर्कता बरतने की अपील की है।
जिले में 12 सड़कें बंद
बारिश के चलते जिले में फिलहाल कोई राष्ट्रीय राजमार्ग बंद नहीं है, लेकिन एक राज्य मार्ग, चार लोनिवि मार्ग, छह पीएमजीएसवाई सड़कें और एक एनपीसीसी मार्ग अवरुद्ध हैं। संबंधित विभागों को मार्ग खोलने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी विभागों को आपदा से निपटने के लिए उच्चतम स्तर की तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी आपदा, दुर्घटना या मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को देने की अपील की गई है।

