टिहरी। जनपद सहित पहाड़ी क्षेत्रों में बीते कल से लगातार हो रही तेज बारिश का असर अब नदी-नालों में भी दिखाई देने लगा है। भिलंगना विकासखंड के नैलचामी गाड़ में पानी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है।
लगातार वर्षा के कारण नदी-नालों में तेज बहाव बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे न जाने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है। प्रशासन की ओर से भी संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल नैलचामी गाड़ में जलस्तर बढ़ने के बावजूद किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि मौसम विभाग ने आगामी घंटों में भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।
प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने, नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

