टिहरी। चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान भर रहे ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के एक हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के बाद उसे सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे, जो सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हेलिकॉप्टर बदरीनाथ धाम से देहरादून की ओर आ रहा था। इसी दौरान उड़ान के समय हेलिकॉप्टर हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसके पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं सुरक्षा कार्य शुरू कर दिया गया। आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
प्राथमिक जांच में सभी यात्रियों को सुरक्षित पाया गया है। वहीं, घटना के कारणों की विस्तृत जांच तकनीकी और एविएशन एजेंसियों द्वारा की जा रही है।
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घटना से जुड़ी किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक जानकारी को ही सही मानें।

