टिहरी। चंबा ब्लॉक की ग्राम पंचायत सिलोगी के धारकोट गांव में सोमवार सुबह भालू ने एक ग्रामीण पर अचानक हमला कर दिया। हमले में वीरेंद्र तिवारी घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र तिवारी सुबह करीब 7:30 बजे मनरेगा के कार्य के लिए ग्राम सिलोगी की ओर जा रहे थे। घर से कुछ दूरी पर पहुंचते ही अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। वीरेंद्र के शोर मचाने पर भालू मौके से जंगल की ओर भाग गया।
भालू के हमले में वीरेंद्र घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
गांव के सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र चंद रमोला ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी वन विभाग से जल्द सुरक्षा के इंतजाम करने की अपील की है।

