टिहरी गढ़वाल। लंबगांव क्षेत्र में अनुसूचित जाति के युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से दबोचा।
पुलिस के अनुसार आरोपी सचिन पंवार को चौंधार तिराहा लंबगांव से गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे आरोपी सुमित प्रसाद को खोलगढ़ स्थित एक मकान से पकड़ा गया। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे मामले की जांच की निगरानी स्वयं कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गिरफ्तारी की गई है।
मामले की जांच को मजबूत बनाने के लिए 10 जून को फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मामले से संबंधित किसी भी भ्रामक या अपुष्ट सूचना को सोशल मीडिया पर साझा न करें। साथ ही लोगों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने को कहा गया है।

