खटीमा। उत्तराखंड के खटीमा की बेटी तिला सेन ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। आईटीबीपी की महिला पर्वतारोही टीम की सदस्य तिला सेन ने 21 मई को एवरेस्ट शिखर पर तिरंगा फहराकर नया इतिहास रच दिया।
आईटीबीपी का यह विशेष अभियान 19 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली से शुरू हुआ था, जिसमें कुल 14 सदस्य शामिल थे। इनमें 11 महिला पर्वतारोही थीं। खटीमा के चारुबेटा निवासी तिला सेन ने इस कठिन मिशन में सफलतापूर्वक भाग लेते हुए अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया।
टीम ने नेपाल के चुनौतीपूर्ण साउथ कोल रूट से चढ़ाई करते हुए कठिन मौसम और दुर्गम रास्तों का सामना किया। तमाम कठिनाइयों को पार करते हुए टीम 8,848 मीटर ऊंची माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंची और 21 मई को तिरंगा लहराकर देश का गौरव बढ़ाया।
तिला सेन की इस उपलब्धि से उनके परिवार, क्षेत्र और पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है। उनके पिता मदनलाल और मां विजय लक्ष्मी ने बेटी की सफलता पर गर्व जताया। तिला के भाई एवं आईटीबीपी जवान योगेंद्र कुमार ने बताया कि तिला वर्ष 2021 में आईटीबीपी में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुई थीं और वर्तमान में 36वीं वाहिनी लोहाघाट, चंपावत में तैनात हैं।
दो भाइयों और पांच बहनों में चौथे स्थान पर रहने वाली तिला सेन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा चारुबेटा से प्राप्त की। उन्होंने जीजीआईसी खटीमा से इंटरमीडिएट तथा खटीमा से ही पॉलीटेक्निक की पढ़ाई पूरी की है।
तिला सेन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों और प्रदेशवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

