खटीमा। स्वतंत्रता दिवस को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों की निगाहें लगातार बनी हुई हैं। पुलिस और एसएसबी के जवानों ने संयुक्त रूप से सीमा से लगे जंगलों में कांबिंग अभियान चलाया। इस दौरान नेपाल सीमा से आने-जाने वाले राहगीरों की चेकिंग कर उनसे पूछताछ की गई।
सीमा क्षेत्र में बढ़ाई निगरानी
खटीमा का सीमांत क्षेत्र नेपाल और उत्तर प्रदेश की सीमा से लगा हुआ है। दोनों देशों के नागरिकों की आवाजाही को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। पुलिस और एसएसबी जवान जंगल क्षेत्रों में सघन कांबिंग के साथ सीमा पर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहे हैं।
सीमा से सटे गांवों में भी लोगों को जागरूक किया गया है। ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की गई है।
वाहनों की चेकिंग, होटल-ढाबों पर छापेमारी
झनकईया थाने के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र गौरव ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सीमा क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों की चेकिंग और तलाशी ली जा रही है। इसके अलावा संदिग्ध लोगों की तलाश में होटल और ढाबों पर भी छापेमारी की जा रही है।
अभियान में एसआई लक्ष्मण दत्त जोशी, एसआई होशियार सिंह, प्रदीप जोशी, ताजउद्दीन समेत पुलिस और एसएसबी के जवान शामिल रहे।

