यमुनोत्री क्षेत्र में देर रात हुई बारिश के बाद भू-धंसाव और भूस्खलन से यमुनोत्री हाईवे कई जगह बाधित हो गया। हाईवे पर मलबा और पत्थर आने से स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं के वाहन भी जगह-जगह फंस गए। मार्ग बाधित होने से आवाजाही प्रभावित हुई है।
भू-धंसाव के चलते 11 केवी विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। इससे यमुनोत्री धाम समेत गीठ पट्टी के 12 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है।
हाईवे को सुचारू करने के लिए एनएच की टीम सुबह से मशीनों के साथ मौके पर जुटी हुई है। एनएच के ईई मनोज रावत और निर्माण कार्य एजेंसी के पीएम गोपाली श्रीनिवासुलू रेड्डी ने बताया कि अधिक मात्रा में मलबा आने और भू-धंसाव के कारण हाईवे बाधित हुआ है। मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

