चिन्यालीसौड़। चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर सेना के 44 पैरा कमांडो ने चार चरणों में सफल पैराशूट लैंडिंग कर अपने अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पूरा एयरपोर्ट परिसर सुरक्षा व्यवस्था के बीच सैन्य गतिविधियों से गूंजता रहा।
पहले चरण में 11 पैरा कमांडो करीब 35 से 40 किलो वजन वाले पिट्ठू बैग और आवश्यक सैन्य उपकरणों के साथ सुरक्षित रूप से हवाई अड्डे पर उतरे। इसके बाद दूसरे चरण में भी 11 जवानों ने सफलतापूर्वक पैराशूट लैंडिंग की। इसी क्रम में चारों चरणों में कुल 44 पैरा कमांडो सुरक्षित रूप से चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर उतरे।
लैंडिंग के दौरान वायुसेना और सेना के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर तैनात रहे। सभी कमांडो लैंडिंग के बाद आवश्यक उपकरणों के साथ निर्धारित अभियान के लिए रवाना हो गए। अभियान के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर अधिकारियों और जवानों ने राहत की सांस ली।

