देहरादून। उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम विस्फोट की धमकी देकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले आरोपी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धमकी भरे पोस्ट प्रसारित करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम धमाके की धमकी संबंधी पोस्ट वायरल हुई थी। इससे आमजन में भय और दहशत का माहौल पैदा हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर थाने में बीएनएस की धारा 351(3), 353 तथा आईटी एक्ट की धारा 66एफ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल फुटप्रिंट, साइबर विश्लेषण और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन परीक्षण कर आरोपी की पहचान की। तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने 28 जून को हरियाणा के अंबाला निवासी 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और सिख समुदाय के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से वह नाराज था। सोशल मीडिया पर इससे जुड़े वीडियो देखने के बाद उसने लोगों में भय फैलाने और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से 25 जून को धमकी भरी टिप्पणी पोस्ट की थी।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। देहरादून पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि भ्रामक, धमकीपूर्ण या आतंक फैलाने वाली पोस्ट करना गंभीर दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

