अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी युवा नवप्रवर्तक और हपिडा स्काई प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं सीईओ रवि टम्टा ने स्वदेशी तकनीक से विकसित व्यक्तिगत उड़ान वाहन ‘हपिडा स्काईनेक्स’ के प्रोटोटाइप का सफल उड़ान परीक्षण कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्यालय स्थित आर्मी हेलीपैड में वाहन ने जमीन से सफलतापूर्वक उड़ान भरी और करीब एक मिनट तक हवा में रहा। परीक्षण देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
रवि टम्टा पिछले कई वर्षों से भारत में सुरक्षित, आधुनिक और पूरी तरह विद्युत चालित व्यक्तिगत हवाई वाहन विकसित करने पर काम कर रहे हैं। लंबे अनुसंधान, तकनीकी परीक्षण और निरंतर प्रयासों के बाद तैयार किए गए प्रोटोटाइप ने निर्धारित मानकों के अनुरूप उड़ान भरकर परियोजना की व्यवहारिकता को साबित किया।
उत्तराखंड के साथ देश के लिए भी बड़ी उपलब्धि
इस उपलब्धि को उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश के उभरते विमानन और नवाचार क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भविष्य में इस तरह के व्यक्तिगत हवाई वाहन शहरी क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने के साथ ही दुर्गम पर्वतीय इलाकों में त्वरित पहुंच और आपदा एवं आपातकालीन सेवाओं में उपयोगी साबित हो सकते हैं।
रवि टम्टा का कहना है कि उनका लक्ष्य भारत को व्यक्तिगत हवाई परिवहन तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। आने वाले समय में वाहन की सुरक्षा, क्षमता और प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए कई चरणों में अतिरिक्त परीक्षण किए जाएंगे।
पहले भी कर चुके हैं कई नवाचार
रवि टम्टा इससे पहले भी कई उपयोगी तकनीकी नवाचार कर चुके हैं। उन्होंने वन विभाग के लिए अग्निशमन यंत्र तैयार किया है। इसके अलावा दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष छड़ी समेत कई अन्य उपकरण भी विकसित किए हैं। अब ‘हपिडा स्काईनेक्स’ के सफल उड़ान परीक्षण ने उनके नवाचारों की कड़ी में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ दी है।

