उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को अल्मोड़ा दौरे पर पहुंचे। तय कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने डोल आश्रम में आयोजित पीठम स्थापना उत्सव में भाग लिया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
आश्रम पहुंचने पर साधु-संतों और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने आश्रम के आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे पवित्र स्थल समाज को सकारात्मक ऊर्जा देते हैं और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और जनसुविधाओं को और बेहतर बनाया जाए।
दौरे के अंत में मुख्यमंत्री लमगड़ा के कनरा स्थित हेलीपेड से खटीमा के लिए रवाना हो गए। उनके आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग स्वागत के लिए आश्रम परिसर में जुटे।

