अल्मोड़ा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का अल्मोड़ा दौरा गुरुवार को खराब मौसम के कारण रद हो गया। मौसम खराब होने की वजह से उनका हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा में लैंड नहीं कर पाया, जिसके बाद उन्हें पंतनगर वापस लौटना पड़ा।
हालांकि, राहुल गांधी ने मोबाइल फोन के माध्यम से जनसभा को संबोधित किया। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने मंच से माइक पर मोबाइल लगाकर राहुल गांधी का संदेश लोगों तक पहुंचाया। राहुल गांधी ने कहा कि मौसम खराब होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा, लेकिन वह जल्द ही दोबारा अल्मोड़ा आएंगे। इसके बाद प्रदेश प्रभारी सैलजा ने कार्यक्रम रद होने की औपचारिक घोषणा की।
जनसभा को लेकर उमड़ी भारी भीड़
राहुल गांधी की सिमकनी मैदान में प्रस्तावित जनसभा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जनसभा स्थल पर सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था और मैदान पूरी तरह खचाखच भर गया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार सभा में करीब 12 से 15 हजार लोग पहुंचे।
कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों और कांग्रेस के झंडों के साथ पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पूरे क्षेत्र को पार्टीमय बना दिया। सिमकनी मैदान और आसपास का इलाका कांग्रेस के झंडों, बैनरों और नारों से गूंजता रहा।
कार्यकर्ता अपने शीर्ष नेता का संबोधन सुनने के लिए घंटों पहले से सभा स्थल पर डटे रहे। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने बताया कि जनसभा को लेकर संगठन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और जनसुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। उन्होंने कहा कि यह जनसभा कांग्रेस के लिए राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही थी।

