केदारनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं के बीच सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोतवाली सोनप्रयाग में अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुलभ इंटरनेशनल के सुपरवाइजर मिंटू पाठक की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। तहरीर में बताया गया है कि केदारनाथ सेक्टर, हेलीपैड और घोड़ा पड़ाव क्षेत्र में स्थापित सार्वजनिक शौचालयों में अज्ञात लोगों द्वारा तोड़फोड़ की गई।
धाम क्षेत्र के हाट बाजार, पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पीछे, पंजाब सिंध भवन के पास और बेस कैंप क्षेत्र में पांच शौचालयों के दरवाजे क्षतिग्रस्त पाए गए। इसके अलावा विभिन्न सेक्टरों में लगे नल और सिस्टन भी तोड़े गए हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि केदारनाथ यात्रा की गरिमा और जन-सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

