हरिद्वार। रुड़की के भंगेड़ी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। मृतक का शव केंद्र के शौचालय में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार लक्सर क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी आशीष (37) पिछले करीब तीन माह से सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती था। मंगलवार रात केंद्र संचालक ने शौचालय में उसका शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिवार के लोगों ने नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक अन्य मरीज पर हत्या का शक जताया है।
एसपी देहात Shekhar Chandra Suyal ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नशा मुक्ति केंद्र संचालक समेत वहां मौजूद अन्य मरीजों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।

