चमोली। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सीमांत नीति घाटी को जोड़ने वाला मलारी हाईवे तमक और गाड़ी ब्रिज के पास मलबा आने से बंद हो गया है। सड़क बाधित होने से यातायात पूरी तरह प्रभावित है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीमें मौके पर पहुंचकर हाईवे से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने में जुटी हैं।
वहीं देवाल क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के चलते देवाल-खेता-मानमती और कुनारबैंड-घेस-हिमनी मोटर मार्ग भी बंद हो गए हैं। इसके अलावा ल्वाणी के पास मलबा आने से देवाल-लोहाजंग-वाण स्टेट हाईवे मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक बाधित रहा, जिसे बाद में यातायात के लिए खोल दिया गया।
देवाल-खेता मार्ग सुयालकोट के पास बंद होने से करीब 10 हजार की आबादी का संपर्क प्रभावित हो गया है। लगातार भूस्खलन के कारण मलबा हटाने का कार्य बाधित हो रहा है। दोनों मार्गों पर 50 से अधिक वाहन फंसे हुए हैं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोक निर्माण विभाग ने मार्ग खोलने के लिए जेसीबी मशीनें तैनात की हैं, लेकिन लगातार गिर रहे पत्थरों और मलबे के कारण राहत एवं बहाली कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम साफ होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

