गोपेश्वर। भ्यूंडार वैली के ऊपरी हिमालयी क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर पुलना से घांघरिया के बीच पैदल रास्ता तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। कूड़पनी और जंगलचट्टी के बीच किलोमीटर एक और तीन के मध्य भूस्खलन के कारण मार्ग पर पेड़ और मलबा आ गया है। इससे श्रद्धालुओं को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि, श्री हेमकुंड साहिब, लोकपाल तीर्थ और विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी की यात्रा सुचारू है। मार्ग क्षतिग्रस्त होने के बावजूद श्रद्धालु जान जोखिम में डालकर एक तरफ से दूसरी तरफ आवाजाही करने को मजबूर हैं।
कई घंटे मार्ग खुलने का इंतजार
ईडीसी भ्यूंडार के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि भ्यूंडार वैली के ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुआ है। रविवार सुबह हेमकुंड साहिब आने-जाने वाली संगत को मार्ग दुरुस्त होने के इंतजार में कई घंटे रुकना पड़ा।
जन्माष्टमी के चलते पिछले दो दिनों से हेमकुंड साहिब धाम और लोकपाल श्री लक्ष्मण मंदिर में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ संगत की संख्या बढ़ी है। इसके चलते गोविंदघाट और घांघरिया में भी एक बार फिर चहल-पहल बढ़ गई है।
पुलना से घांघरिया जाने वाले यात्रियों को कई स्थानों पर पैदल मार्ग और पुश्ते टूटने के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं ने स्थानीय प्रशासन से जल्द से जल्द मार्ग की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आने वाली संगत और फूलों की घाटी पहुंचने वाले पर्यटकों को परेशानी न हो।

