Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड बजट सत्रः लाठीचार्ज से नाराज कांग्रेस आज सभी जिला मुख्यालयों पर...

उत्तराखंड बजट सत्रः लाठीचार्ज से नाराज कांग्रेस आज सभी जिला मुख्यालयों पर करेगी प्रदर्शन

चमोली। सोमवार को उत्तराखंड में बजट सत्र के दौरान नंदप्रयाग-घाट मोटर मार्ग को लेकर अनशन कर रहे आंदोलनकारियों पर पुलिस के लाठीचार्ज से नाराज कांग्रेस ने मंगलवार को प्रदेशव्यापी आंदोलन का एलान किया है। 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज से यह साफ हो गया है कि प्रदेश सरकार दमन की नीति पर विश्वास करती है। कांग्रेस इस मामले को सदन में भी उठाएगी और सदन के बाहर भी इसका पुरजोर विरोध करेगी। 

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि मंगलवार को कांग्रेस प्रत्येक जिला मुख्यालय पर प्रदेश सरकार की दमनकारी नीति के खिलाफ पुतला दहन करेगी। इसके साथ ही महंगाई का भी विरोध किया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने कहा कि आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज करवा कर सरकार ने अपना जनविरोधी रुख सामने रख दिया है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाया जाएगा। सड़क पर विरोध जताया जाएगा और लोगों के सामने सही स्थिति रखी जाएगी।

वहीं, मालकोट-सेरा-तेवाखर्क सड़क निर्माण संघर्ष समिति के लोग भी आज गैरसैंण जाएंगे। वहां पर वे लोनिवि के प्रमुख अभियंता और मुख्य सचिव से मिलेंगे। जिला पंचायत सदस्य अवतार पुंडीर और संघर्ष समिति के अध्यक्ष दयाल सिंह ने कहा कि अगर अधिकारियों के साथ वार्ता संतोषजनक नहीं हुई तो वे विधानसभा परिसर के लिए कूच करेंगे।

चार मार्च को पेश होगा बजट
प्रदेश सरकार का बजट चार मार्च को पेश होगा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सदन के पटल पर बजट रखेंगे। 

बजट में सरकार की भावी योजनाएं
– पौड़ी में 41 करोड़ से ग्रीन एग्रीकल्चर परियोजना (जैफ-6) शुरू होगी।
– आगामी वित्तीय वर्ष में 10 अतिरिक्त ग्रोथ सेंटर स्थापित होंगे।
– 31400 किसानों व उद्यमी बागवानी मिशन के तहत लाभान्वित होंगे।
– 1794 गांव सड़कों से जुड़ेंगे, 765 गांवों को सड़क से जोड़ने का कार्य शुरू।
– 133 करोड़ के दो आरओबी काशीपुर शहर में एनएच 74 पर बनाए जाएंगे।
– कर्मचारी राज्य बीमा निगम हरिद्वार में 300 बेड का अस्पताल बनाएगा।
– दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना से 309 तोकों में बिजली पहुंचाएंगे।
– 5353 शौचालयों का निर्माण स्वच्छ भारत मिशन के तहत किया जाएगा।
– अमृत योजना से नगर निकायों में जलापूर्ति, सीवरेज प्रबंधन, ग्रीन स्पेस पार्क योजनाओं पर 593 करोड़ खर्च होंगे।
– रुद्रपुर में मोनोलिथिक कंस्ट्रक्शन तकनीक से 1892 आवासों का निर्माण होगा।
– भराड़ीसैंण में सचिवालय भवन निर्माण का डिजाइन और ड्राइंग तैयार होगी।
– राज्य सेक्टर, कैंपा, नमामि गंगे, जायका के तहत 40 करोड़ लीटर वर्षा जल संचय की संरचनाओं का निर्माण होगा।
– हरेला योजना के तहत 7.50 लाख पौध बांटी जाएंगी।
– 26.74 करोड़ से प्रदेश की पहली टाइगर सफारी बनेगी।
– हरिद्वार में 75 एकड़ भूमि में एक और फार्मासिटी पार्क बनेगा।
– 6748 लोगों को कृषि आधारित क्रियाकलापों की योजना के तहत मिलेगा ऋण।
– 102 एकड़ भूमि पर इलेक्ट्रॉनिक मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर बनेगा।
– 1002 एकड़ में खुरपिया में एकीकृत विनिर्माण कलस्टर स्थापित होगा।
– 40 एकड़ पर सितारगंज में प्लास्टिक पार्क बनाया जाएगा।
– ऋषिकेश में कन्वेंसन सेंटर व वैलनेससिटी का प्लान तैयार हो रहा है।
– विश्व का पांचवां सबसे लंबा रोपवे होगा देहरादून मसूरी रोपवे।
– ऋषिकेश में गंगा एवं हिमालय पर आधारित हिमालय संग्रहालय बनेगा।
– खिलाड़ियों को तकनीकी जानकारी के लिए खेल विज्ञान केंद्र स्थापित होगा।
– 400 सहायक अध्यापक प्राथमिक शिक्षक के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू।
– 571 प्रवक्ता और 1431 एलटी के खाली पदों पर होगी सीधी भर्ती।
– हल्द्वानी, रुद्रपुर, पिथौरागढ़, दून व श्रीनगर में अत्याधुनिक सीटी स्कैन।
– नदियों के पुनर्जीवन की प्रभावी योजना तैयार की जाएगी।
– 134 करोड़ रुपये की लागत से सांइस सिटी बनाई जाएगी।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments