गैरसैंण। भराड़ीसैंण स्थित उत्तराखंड विधानसभा में सत्र के दूसरे दिन बुधवार को भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव देखने को मिला। सदन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग को लेकर कांग्रेस विधायकों ने हंगामा किया। नारेबाजी करते हुए विपक्षी विधायक वेल में पहुंच गए और काले झंडे लहराए। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही सुबह 11:20 बजे तक स्थगित कर दी गई।
इससे पहले विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस के विधायक विधानसभा भवन के बाहर धरने पर बैठ गए। विपक्ष ने भ्रष्टाचार समेत विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए सदन में चर्चा कराने की मांग की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल विपक्षी नेताओं को मनाने के लिए पहुंचे।
सदन में चर्चा की मांग पर अड़ा विपक्ष
कांग्रेस विधायक विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग को लेकर लगातार नारेबाजी करते रहे। विरोध के दौरान विधायक वेल में पहुंच गए और काले झंडे लहराकर अपना विरोध दर्ज कराया। विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई और विधानसभा अध्यक्ष को कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
फोटो सेशन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने
विधानसभा में फोटो सेशन को लेकर भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विवाद देखने को मिला। विधायक अरविंद पांडेय ने फोटो सेशन से विपक्ष के दूरी बनाने की निंदा की। वहीं, सत्ता पक्ष के विधायकों ने इस मामले में निंदा प्रस्ताव लाने की मांग की।
दूसरी ओर, विपक्ष का कहना है कि विधायकों के साथ जिस तरह का व्यवहार हुआ, उसके बाद फोटो सेशन का कोई औचित्य नहीं रह जाता। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच मतभेद सामने आए।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि नए विधायकों के फोटो सेशन का मौका निकल गया है।
दूसरे दिन भी जारी रहा सियासी टकराव
दो दिवसीय विधानसभा सत्र के दूसरे दिन अनुपूरक बजट पर चर्चा और मतदान के साथ विभिन्न विधेयकों पर कार्यवाही प्रस्तावित है। हालांकि, विपक्ष के प्रदर्शन और सदन में हंगामे के कारण कार्यवाही प्रभावित हुई। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध से सत्र के शेष समय में भी राजनीतिक टकराव के आसार बने हुए हैं।

.jpeg)
.jpeg)

