जोशीमठ। फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल स्कीइंग (फिस) की मान्यता मिलने के बाद विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली में फरवरी के पहले पखवाड़े शीतकालीन नेशनल स्कीइंग (जूनियर और सीनियर) चैंपियनशिप कराने की तैयारी है। इस आयोजन के लिए प्रदेश सरकार पहले ही हामी भर चुकी है।
इस साल औली में नवंबर से ही बर्फबारी हो रही है और स्कीइंग के लिए पर्याप्त बर्फ मौजूद है। ऐसे में उम्मीद की जा रही थी इस बार यहां राष्ट्रीय स्तर की जूनियर और सीनियर स्कीइंग चैंपियनशिप आयोजित होगी। यह आयोजन फरवरी के पहले या दूसरे सप्ताह हो सकता है। स्नो बोर्ड और स्कीइंग एसोसिएशन उत्तराखंड के सचिव प्रवीण शर्मा का कहना है कि फरवरी में प्रस्तावित स्कीइंग चैंपियनशिप के लिए जनवरी में तिथि मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि सरकार इसी साल औली में स्कीइंग चैंपियनशिप के अलावा भी कुछ अलग करने जा रही है। इसका रोडमैप तैयार किया जा चुका है। विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ चमोली के सचिव अजय भट्ट का कहना है कि सरकार को अभी से शीतकालीन खेलों की तैयारियां शुरू कर देनी चाहिए, जिससे बाद में आयोजन को लेकर कोई दिक्कत न हो।
2021 में फिस रेस की उम्मीद
औली में वर्ष 2021 में फिस रेस भी आयोजित हो सकती है। वर्ष 2012 और फिर वर्ष 2018 में बर्फबारी न होने के कारण औली में फिस रेस का आयोजन रद हो चुका है। हालांकि, दोनों बार आयोजन की तिथियां आगे भी खिसकाई गईं, लेकिन मौसम ने निराश ही किया। स्नो बोर्ड और स्कीइंग एसोसिएशन के सचिव ने बताया कि मार्च में फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल स्कीइंग की एजीएम (वार्षिक आमसभा) प्रस्तावित है। इस बैठक में 2021 के लिए फिस रेस की अनुमति ली जाएगी।

.jpeg)
.jpeg)

