Sunday, March 8, 2026
Homeचमोलीचमोली के 120 गांव बर्फ के चादर में कैद, औली मार्ग पर...

चमोली के 120 गांव बर्फ के चादर में कैद, औली मार्ग पर फंसे कई वाहन


चमोली। उत्तराखंड के पहाड़ में बारिश-बर्फबारी थमने के बावजूद लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। चमोली जिले में 120 गांव अभी भी बर्फ में कैद हैं। जोशीमठ-औली मोटर मार्ग बंद होने से पर्यटकों के एक दर्जन से अधिक वाहन औली और सुनील में फंसे हुए हैं। चीन सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाले जोशीमठ-मलारी हाईवे के तीन दिन से अवरुद्ध होने से सेना और आईटीबीपी के वाहनों की आवाजाही ठप पड़ी है। जोशीमठ से चीन सीमा तक हाईवे पर अभी भी करीब दो फीट तक बर्फ जमी हुई है। सेना के वाहन जोशीमठ से आगे नहीं जा पा रहे हैं।


पौड़ी जिले में बीरोंखाल और थलीसैंण ब्लाक में सैकड़ों गांवों की बिजली सप्लाई अभी भी ठप पड़ी है। बर्फबारी से कई सड़कें बंद हैं। धुमाकोट क्षेत्र में नेशनल हाईवे को लोनिवि ने यातायात के लिए खोल दिया है, जिससे क्षेत्र में फंसी बरात और अन्य वाहनों को निकाल लिया गया है। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ समेत 24 से अधिक गांवों में अब भी बिजली सप्लाई ठप है। कुंड-ऊखीमठ-चोपता-मंडल-गोपेश्वर हाईवे तीसरे दिन भी पिंगलापानी से आगे बंद रहा।

उत्तरकाशी जिले में बर्फ से ढके करीब दो दर्जन गांवों में यातायात, विद्युत, पेयजल आदि व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त नहीं हुई हैं। संबंधित विभाग ध्वस्त हुई व्यवस्थाओं को बहाल करने में जुटे हैं। चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे और मलारी हाईवे के साथ ही अभी भी बर्फबारी से नौ सड़कें अवरुद्घ पड़ी हुई हैं। रामणी गांव के सूरज सिंह पंवार ने बताया कि घाट-रामणी सड़क पर अभी भी करीब दो फीट तक बर्फ जमी हुई है, जिससे वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। लोनिवि की ओर से सड़क को खोलने के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।


बदरीनाथ हाईवे को हेलंग से जोशीमठ तक बीआरओ ने बर्फ हटाकर सुचारु किया, लेकिन हाईवे पर बर्फ में अभी भी वाहनों के टायर रपटने से आवाजाही खतरनाक बनी हुई है। जोशीमठ-औली मोटर मार्ग सुनील में आईटीबीपी गेट से आगे अवरुद्ध पड़ा है। लोनिवि की ओर से अभी तक सड़क खोलने के कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। पर्यटक रोपवे से औली के दीदार को पहुंच रहे हैं। जोशीमठ के उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल ने बताया कि औली सड़क को खोलने के लिए लोनिवि के अधिकारियों को कहा गया है।

चमोली जिले में शीतलहर के चलते जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने पर्यटकों से बर्फीले तथा ठंडे स्थानों की यात्रा के दौरान विशेष एहतियात बरतने की अपील की है। दवाइयां तथा पर्याप्त मात्रा में भोजन एवं पानी की व्यवस्था लेकर यात्रा करने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने को कहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस सहायता के लिए 100, आपातकालीन मेडिकल सेवा के लिए 108, इमरजेंसी सेवा के लिए 112 पर संपर्क करें। इसके अलावा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र 1070 एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 1077 पर भी सूचना दी जा सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments