चमोली/श्रीनगर। चमोली जिले के पीपलकोटी में हुए टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की इनोवा कार पर तोताघाटी के पास अचानक पहाड़ी से भारी-भरकम बोल्डर आ गिरा। हादसे में सांसद अनिल बलूनी समेत वाहन में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि बोल्डर गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, सांसद अनिल बलूनी पीपलकोटी टनल हादसे के प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने और पीड़ितों का हाल जानने के लिए जा रहे थे। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के पास पहुंचते ही अचानक पहाड़ी से मलबा और एक बड़ा बोल्डर उनकी इनोवा कार पर आ गिरा। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वाहन क्षतिग्रस्त, सभी सुरक्षित
श्रीनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ईश्वर की कृपा से सांसद अनिल बलूनी और उनका पूरा अमला सुरक्षित है। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। बोल्डर गिरने से कार को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद वाहन की आवश्यक मरम्मत कराई गई।
वाहन की स्थिति सामान्य होने के बाद सांसद बलूनी श्रीनगर होते हुए पीपलकोटी टनल हादसे के प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना हो गए। वे मौके पर पहुंचकर हादसे की स्थिति का जायजा लेने के साथ प्रभावित लोगों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे।

