चमोली: जिले के दूरस्थ गांव बलाण में सड़क सुविधा के अभाव का असर एक बार फिर सामने आया, जब प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक गर्भवती महिला को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाना पड़ा।
सोमवार सुबह बलाण गांव निवासी 32 वर्षीय तुलसी देवी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। उनका घर सड़क मार्ग से करीब ढाई किलोमीटर दूर होने के कारण समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक भूपाल राम टम्टा और ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत से महिला को एयरलिफ्ट करने की मांग की।
जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के बाद शाम करीब 4:50 बजे हेलीकॉप्टर बलाण गांव पहुंचा, जिसके जरिए तुलसी देवी को देहरादून के अस्पताल भेजा गया। महिला के सुरक्षित एयरलिफ्ट होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्राम प्रधान खीम राम और बीडीसी सदस्य प्रदीप दानू ने बताया कि सड़क सुविधा न होने के कारण गांव में इस तरह की आपात स्थिति में काफी दिक्कतें आती हैं। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल के प्रभारी डॉ. रॉबिन ने बताया कि महिला आशा कार्यकर्ता राधा की निगरानी में थी और समय रहते उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया।
यह घटना एक बार फिर दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं, खासकर सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को उजागर करती है।

