Monday, June 1, 2026
Homeचमोलीसेरेब्रल पाल्सी को दी चुनौती, अनुराग रावत ने ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’...

सेरेब्रल पाल्सी को दी चुनौती, अनुराग रावत ने ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ में पूरी की 10 किमी दौड़

चमोली। सीमांत जनपद चमोली की नीति घाटी में आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ में 25 वर्षीय अनुराग रावत ने अदम्य साहस और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए सभी को प्रेरित किया। सेरेब्रल पाल्सी जैसी दिव्यांगता के बावजूद अनुराग ने लगभग 1 घंटा 45 मिनट में 10 किलोमीटर की कठिन दौड़ पूरी कर अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया।

31 मई से 2 जून तक आयोजित हो रहे इस एडवेंचर स्पोर्ट्स आयोजन में अनुराग का प्रदर्शन प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया। “Beyond Limits, Beyond the Canyon” के संदेश को साकार करते हुए उन्होंने साबित कर दिया कि मजबूत संकल्प के आगे कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।

मूल रूप से पौड़ी जनपद के निवासी और वर्तमान में दिल्ली में रह रहे अनुराग ने नीति घाटी की दुर्गम पहाड़ियों, कठिन रास्तों और सीमित ऑक्सीजन जैसी विषम परिस्थितियों के बीच यह उपलब्धि हासिल की। उनके साहस और सकारात्मक सोच ने आयोजन में मौजूद हर व्यक्ति को प्रभावित किया।

अनुराग ने कहा कि “सीमाएं केवल हमारे दिमाग में होती हैं। यदि संकल्प मजबूत हो, तो इंसान अपने शरीर को किसी भी मंजिल तक पहुंचा सकता है।” उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वह कई प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं।

‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ में देश के 27 राज्यों से आए 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सीमांत नीति घाटी में आयोजित इस आयोजन में प्रतिभागियों ने विभिन्न श्रेणियों की प्रतियोगिताओं में साहस, उत्साह और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

अनुराग रावत की यह उपलब्धि केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि जीवन की कठिन चुनौतियों से संघर्ष करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments