देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। हाथों में बैनर-पोस्टर और राखी लेकर महिलाएं न्याय मार्च में शामिल हुईं। कांग्रेस ने मामले में न्याय दिलाने, सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने और कथित वीआईपी प्रकरण की सच्चाई सामने लाने की मांग की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाथीबड़कला से मुख्यमंत्री आवास की ओर न्याय मार्च निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद महिला कार्यकर्ता मौके पर ही धरने पर बैठ गईं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए और मामले में सीबीआई जांच की प्रगति जनता के सामने रखी जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने कथित वीआईपी प्रकरण की सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी दोहराई। महिलाओं ने कहा कि जब तक अंकिता को पूर्ण न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

