देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय पहुंचे। ईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है। कार्यालय पहुंचने से पहले रावत ने कहा कि वह अपनी मां, जगदंबा मां और धरती मां का स्मरण करके ईडी कार्यालय पहुंचे हैं।
हरीश रावत ने हाल ही में हरिद्वार पहुंचकर मां गंगा का दुग्धाभिषेक भी किया था। उन्होंने गंगा से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की थी। इसके बाद उन्होंने कहा था कि कांग्रेस कार्यकर्ता उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं।
ईडी की पूछताछ को लेकर रावत ने कहा कि चुनाव से पहले सीबीआई और ईडी का खेल शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद समझ में आता है कि इसके पीछे क्या हो रहा था। पूर्व ओएसडी से जुड़े मामले को लेकर भी उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधा और जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाए। इससे पहले ईडी ने उनके पूर्व ओएसडी चंदन सिंह जीना से जुड़े परिसरों पर कार्रवाई की थी।
कांग्रेस में इस्तीफे से जुड़े सवाल पर रावत ने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे। फिलहाल वह पार्टी के एक सिपाही हैं।
ईडी की कार्रवाई और पूछताछ का यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

