उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम शनिवार को घोषित कर दिए गए हैं। इस वर्ष हाईस्कूल (10वीं) का कुल परीक्षा परिणाम 92.10 प्रतिशत रहा, जबकि इंटरमीडिएट (12वीं) का परीक्षाफल 85.11 प्रतिशत दर्ज किया गया।
शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए बताया कि इस बार भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। हाईस्कूल में बालिकाओं का पास प्रतिशत 96.07 फीसदी रहा, जबकि बालकों का 88.03 प्रतिशत दर्ज किया गया।
हाईस्कूल परीक्षा में रामनगर स्थित एमपी इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोपाल ने 500 में से 491 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। वहीं इंटरमीडिएट में बागेश्वर के सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज की गीतका पंत और उधम सिंह नगर के भानजुराम इंटर कॉलेज की सुशीला मेहंदीरत्ता ने संयुक्त रूप से 500 में से 490 अंक लाकर टॉप किया।
आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष कुल 1,12,266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 परीक्षा में शामिल हुए और 1,00,373 छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए। टॉप तीन में देहरादून जिले के एक छात्र ने भी अपनी जगह बनाई है। राज्यभर में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर सफल विद्यार्थियों को बधाई दी जा रही है।

