देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मानसून की गतिविधियां तेज होने जा रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार, 24 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई है। देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है।
बृहस्पतिवार को पर्वतीय क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा और लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने से लोगों ने राहत महसूस की। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का एहसास बढ़ गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 29 जुलाई तक प्रदेशभर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

