देहरादून। दो दिन धूप खिलने के बाद उत्तराखंड में शुक्रवार सुबह से मौसम ने फिर करवट ली। प्रदेश के अधिकतर जिलों में जोरदार बारिश का दौर जारी है। लगातार वर्षा और भूस्खलन के कारण राज्य में 87 मार्ग बाधित हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हो रही है। चारधाम यात्रा जारी है, जबकि कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग बंद है।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अलर्ट को देखते हुए देहरादून और नैनीताल में शुक्रवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की अपील की है।
कुमाऊं में बारिश का ज्यादा असर
कुमाऊं मंडल में मौसम विभाग के अलर्ट का व्यापक असर देखने को मिला। अधिकांश क्षेत्रों में लगातार बारिश जारी रही। पिथौरागढ़ में तेज बारिश के बीच कई मार्ग प्रभावित हुए हैं। वहीं बागेश्वर में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग बंद
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग मलघाट और एलागाड़ के पास बंद है। थल-मुनस्यारी मार्ग भी ला झेकला के पास बाधित है। इसके अलावा तवाघाट-लिपुलेख मार्ग तीनतोला के पास मलबा आने से बंद हो गया है, जिससे चीन सीमा क्षेत्र का संपर्क प्रभावित हुआ है।
लालकुआं-काशीपुर रेल यातायात प्रभावित
नैनीताल जिले में भारी बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। लालकुआं-काशीपुर रेलखंड के टांडा जंगल क्षेत्र में पानी और मलबा आने से रेलवे ट्रैक जलमग्न हो गया। इसके चलते शुक्रवार को काशीपुर से लालकुआं आने वाली 55303 पैसेंजर ट्रेन का संचालन निरस्त कर दिया गया।
नैनीताल में मूसलधार बारिश, झील का जलस्तर बढ़ा
सरोवर नगरी नैनीताल में शुक्रवार सुबह से मूसलधार बारिश हो रही है। बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है और रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ा है। नैनीताल झील का जलस्तर 85.6 फीट से ऊपर पहुंच गया है। मल्लीताल फील्ड समेत कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि नाले भी उफान पर हैं।
लगातार बारिश के चलते पर्यटन गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका है। इससे पर्यटन कारोबार से जुड़े व्यवसायियों की चिंता बढ़ गई है। नगर में शुक्रवार को करीब 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और तापमान गिरकर करीब 23 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
नैनीताल में आठ सड़कें बंद
बारिश और भूस्खलन के कारण नैनीताल जिले में आठ सड़कें बंद हैं। इनमें कूल मोटर मार्ग, गर्जिया-बेतालघाट, फतेहपुर-बेल, अंबेडकर नगर-रीखोली, भिंडापानी-महतोली, स्यूड़ा-हरिशताल, पटलोट-पश्या गांव और पंगोट-देचोरी मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों पर मलबा और भूस्खलन आने से यातायात बाधित है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। ऐसे में बारिश का दौर जारी रहने की आशंका है। प्रशासन और संबंधित विभाग बंद मार्गों को खोलने के प्रयास में जुटे हैं।

