देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
कुमाऊं के सीमांत क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। वर्षा के कारण कई क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई है। वहीं, गढ़वाल के पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन के चलते मार्ग अवरुद्ध होने का सिलसिला जारी है। इससे ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
24 घंटे में कई क्षेत्रों में 150 मिमी से अधिक बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान कुमाऊं के कुछ क्षेत्रों में 150 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई। देहरादून और आसपास के इलाकों में भी कहीं-कहीं 60 से 80 मिलीमीटर तक बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में नदियों और गदेरों का जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे संवेदनशील इलाकों में खतरा बना हुआ है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को सतर्क रखा गया है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही आवागमन करने की सलाह दी गई है।

