देहरादून। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जूडो की 63 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाली उन्नति शर्मा बुधवार को देहरादून पहुंचीं। डिफेंस कॉलोनी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल पहुंचने पर विद्यालय परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
उन्नति की उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें सम्मानित कर बधाई दी। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच विद्यार्थियों ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उन्नति की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की जमकर सराहना की गई।
विद्यालय परिवार ने कहा कि उन्नति ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों से भी उन्नति की सफलता से प्रेरणा लेकर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि उन्नति शर्मा भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए और पदक जीतेंगी और भारत का नाम रोशन करेंगी।

