देहरादून। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा बीते वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करा रहे हैं और यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर व्यवस्थाएं लगातार मजबूत की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि गढ़वाल मंडल विकास निगम के विश्राम गृहों में 16 फरवरी 2026 से ऑनलाइन बुकिंग शुरू की गई थी। अब तक जीएमवीएन के विश्राम गृहों में करीब नौ करोड़ रुपये की बुकिंग हो चुकी है। वहीं, लगभग 9.9 लाख बुकिंग दर्ज की जा चुकी हैं और यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से अब तक 30 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। इनमें से नौ लाख से ज्यादा श्रद्धालु धामों के दर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण के लिए Tourist Care Uttarakhand Portal
या TouristCare UK App का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा ऋषिकेश, हरिद्वार और विकासनगर में ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है।
महाराज ने कहा कि यात्रा मार्गों पर लगाए गए क्यूआर कोड चेकपोस्ट पर स्कैन किए जाएंगे और बिना पंजीकरण वाले यात्रियों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने 50 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं से हेल्थ स्क्रीनिंग सेंटर पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
उन्होंने तीर्थयात्रियों से धामों में स्वच्छता बनाए रखने और धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करने का भी आग्रह किया।

