Friday, October 30, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डचारधाम यात्रा मार्ग पर रात दस बजे के बाद चलेंगे भारी वाहन,...

चारधाम यात्रा मार्ग पर रात दस बजे के बाद चलेंगे भारी वाहन, श्रद्धालु पंजीकरण के बाद ही आएं यात्रा पर

ऋषिकेश। उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि चारधाम यात्रा में यात्रा मार्ग पर लगाने वाले जाम को देखते हुए भारी वाहनों को रात्रि दस बजे से सुबह पांच बजे तक चलने की अनुमति दी गई है। दिन में कोई भी भारी वाहन यात्रा मार्ग पर नहीं चलेगा।

उन्होंने देश भर के श्रद्धालुओं को बिना पंजीकरण के चारधाम यात्रा के लिए न आने की सलाह दी। कहा कि असुविधा से बचने के लिए यात्री पंजीकरण और धामों में दर्शन की तिथि सुनिश्चित होने के बाद ही यात्रा पर प्रस्थान करें।

शनिवार को पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने ऋषिकेश व मुनिकीरेती क्षेत्र में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुनिकीरेती के भद्रकाली चेकपोस्ट पर चारधाम यात्रा मार्ग पर जाने वाले वाहनों की भौतिक जांच की व्यवस्था को भी परखा।

उन्होंने एसडीआरएफ के माध्यम से किए जा रहे आफलाइन पंजीकरण तथा यात्रा पर जा रहे पंजीकृत तथा गैर पंजीकृत यात्रियों की जांच की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा सिर्फ यात्रा के लिए पंजीकृत यात्रियों को ही ऋषिकेश आगे भेजने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए अपेक्षा से अधिक यात्री पहुंच रहा है, जिससे यातायात तथा अन्य व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने देश भर से आने वाले यात्रियों से अपील की कि वह चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराने तथा धामों में दर्शन की तिथि सुनिश्चित होने के पश्चात ही अपने घरों से यात्रा के लिए निकलें।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा अभी आगामी छह माह तक चलेगी, सभी यात्रा मई और जून माह में यात्रा नहीं कर सकते। इसलिए किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए जितना हो सके धैर्य से काम लें।

उन्होंने कहा चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए हम पूरी तरह से प्रयासरत हैं। यात्रा मार्गों पर जाम न लगे और यात्री बिना किसी परेशानी के धामों तक पहुंच सकें, इसके लिए दिन में यात्रा मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।

उन्होंने कहा कि आज से रात्रि दस बजे के बाद सभी भारी वाहन यात्रा मार्ग पर संचालित हो सकेंगे। इसके लिए पुलिस चेकपोस्ट पर वाहन चालकों की जांच भी करेगी कि कहीं वह नशे की हालत में तो वाहन नहीं चला रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं में जो भी कमियां रह गई हैं, उन्हें शीघ्र पूरा कर दिया जाएगा।

ऋषिकेश और हरिद्वार में ठहरने की कमी नहीं

पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए जो यात्री अपने प्रांतों से ऋषिकेश और हरिद्वार में पहुंच गए हैं, वह बिना पंजीकरण और बिना धामों में दर्शन की तिथि निश्चित हुए यहां से आगे न बढ़ें।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश व हरिद्वार में यात्रियों को रोकने के लिए समुचित व्यवस्थाएं हैं। यात्रियों की संख्या में वृद्धि होती है तो यहां अन्य विकल्प भी खोले जाएंगे।

सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए निर्धारित की संख्या

पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि चारों धामों में यात्रियों की क्षमता निश्चित है। मगर, अभी तक क्षमता से अधिक यात्री यहां पहुंच रहे हैं। ऐसे में कोई अनहोनी न घटे, इसके लिए सरकार ने धामों में यात्रियों की संख्या को निर्धारित किया है।

उन्होंने कहा कि यदि धामों की क्षमता के अनुसार ही यात्री ऋषिकेश से आगे जाए, तो यात्रा मार्ग और धामों में किसी भी तरह की अव्यवस्था से नहीं जूझना पड़ेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -


video
play-sharp-fill

video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments