देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के अंतिम दिन ऐतिहासिक टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने मंदिर में आरती करने के साथ ही परिसर का भ्रमण भी किया। इस अवसर पर मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज और दिगंबर भरत गिरी ने उन्हें टपकेश्वर महादेव का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
मंदिर दर्शन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष गढ़ी कैंट स्थित बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने बूथ अध्यक्ष एवं उनके परिवारजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद किया और बूथ अध्यक्ष के घर जलपान भी किया।
इससे पहले शुक्रवार को प्रवास के दूसरे दिन नितिन नवीन ने सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों और महापौरों के साथ अलग-अलग बैठकें कर संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की। राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में उन्होंने जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों से विधानसभा एवं बूथ स्तर तक की विस्तृत जानकारी ली। बताया जाता है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पूरी तैयारी और जमीनी रिपोर्ट के साथ पहुंचे थे। बैठक के दौरान उन्होंने कई स्थानों पर संगठनात्मक कमियों की ओर संकेत करते हुए अनुशासन और समन्वय पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत संगठन की एकजुटता और अनुशासन पर निर्भर करेगी। उन्होंने नेताओं को सलाह दी कि पार्टी के आंतरिक विषय सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर न जाएं तथा सभी जनप्रतिनिधि जनता के बीच सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करें।
23 हारी हुई सीटों पर विशेष फोकस
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार वाली 23 सीटों को लेकर भी विशेष रणनीति बनाई है। उन्होंने कहा कि इन सीटों पर जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की होगी। साथ ही संगठन की ओर से इन क्षेत्रों में पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की तैनाती भी की जाएगी।
भाजपा वर्ष 2022 के चुनाव में यमुनोत्री, बदरीनाथ, प्रतापनगर, चकराता, ज्वालापुर, भगवानपुर, झबरेड़ा, पिरान कलियर, खानपुर, मंगलौर, लक्सर, हरिद्वार ग्रामीण, धारचूला, पिथौरागढ़, द्वाराहाट, अल्मोड़ा, लोहाघाट, हल्द्वानी, जसपुर, बाजपुर, किच्छा, नानकमत्ता और खटीमा विधानसभा सीटों पर पराजित हुई थी। इन सीटों पर पार्टी अब विशेष रणनीति के तहत काम करेगी।
नितिन नवीन के तीन दिवसीय दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान उन्होंने संगठन को चुनावी मोड में आने का स्पष्ट संदेश दिया और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक मजबूती से जुटने का आह्वान किया।

