देहरादून/रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और सुगम दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब श्री बदरीनाथ धाम और श्री केदारनाथ धाम में प्रोटोकॉल के तहत आने वाले वीआईपी अतिथियों से दर्शन के लिए प्रति व्यक्ति 1100 रुपये सहयोग राशि ली जाएगी।
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। समिति के अनुसार यह निर्णय धामों में उमड़ रही भारी भीड़ के बीच सामान्य श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
इन दिनों चारधाम यात्रा अपने चरम पर है और बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। विभिन्न राज्यों से आने वाले कई श्रद्धालु वीआईपी सिफारिशों के आधार पर मंदिर परिसर के गेट नंबर-2 से दर्शन के लिए पहुंच रहे थे, जिससे परिसर में अतिरिक्त भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन रही थी।
स्थिति को देखते हुए बीकेटीसी ने मानक प्रचालन प्रक्रिया (एसओपी) में संशोधन किया है। नई व्यवस्था के तहत प्रोटोकॉल श्रेणी में आने वाले अतिथियों के लिए दर्शन की पर्ची जारी करने से पहले 1100 रुपये सहयोग राशि जमा करनी होगी।
बीकेटीसी ने प्रोटोकॉल कार्यालय को भी मंदिर परिसर से हटाकर नीलकंठ विश्राम गृह में स्थानांतरित कर दिया है। प्रदेश सरकार से प्राप्त प्रोटोकॉल सूचना के आधार पर समिति की ओर से दर्शन पास जारी किए जाएंगे और निर्धारित सहयोग राशि ली जाएगी।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रोटोकॉल श्रेणी में आने वाले अतिथियों के दर्शन को अधिक पारदर्शी बनाने तथा सामान्य श्रद्धालुओं को कम समय में सुगमता से दर्शन कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास है कि लाइन में लगने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दर्शन व्यवस्था व्यवस्थित बनी रहे।

