देहरादून। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों से संवाद के लिए देहरादून पहुंच चुके हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राहुल गांधी ‘गूंज’ कार्यक्रम के तहत छात्रों को संबोधित करेंगे और उनके साथ सीधा संवाद भी करेंगे।
कार्यक्रम के लिए पंडाल में विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर एक ओर स्टेज तैयार किया गया है, जहां केवल राहुल गांधी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम स्थल का आकार सीमित होने और बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पंडाल में छात्रों के लिए स्टैंडिंग व्यवस्था की गई है।
सेवादल संभालेगा व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी
कांग्रेस सेवादल को कार्यक्रम के दौरान छात्रों की सहायता और व्यवस्थाओं को संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजकों का कहना है कि छात्रों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में पेयजल की व्यवस्था भी की गई है।
पंजीकृत छात्रों को ही मिलेगा प्रवेश
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने बताया कि राहुल गांधी के साथ संवाद को लेकर छात्रों में काफी उत्साह और जिज्ञासा है। अब तक 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है। हालांकि पंडाल में प्रवेश केवल पंजीकृत छात्रों को ही दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि छात्रों की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी और क्यूआर कोड भी लगाए जाएंगे, ताकि छात्र मौके पर भी अपना पंजीकरण करा सकें और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

