देहरादून। नेपाल में आई आपदा पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताते हुए कहा कि भारत और नेपाल के बीच गहरे और आत्मीय संबंध हैं। नेपाल में आई आपदा बेहद दुखद है। इस मुश्किल समय ने दोनों देशों के बीच एकता और सहयोग की भावना को और मजबूत किया है। नेपाल से सामने आई घटनाओं और तस्वीरों ने सभी को भावुक किया है। ऐसे कठिन समय में हर कोई नेपाल के साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तत्काल नेपाल के प्रधानमंत्री से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और राहत एवं बचाव दल भेजे। भारत की ओर से नेपाल को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया गया है।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की सीमा नेपाल से लगी हुई है। इसके साथ ही राज्य के कई लोगों के नेपाल में रिश्तेदार और लंबे समय से सांस्कृतिक संबंध हैं। ऐसे में उत्तराखंड सरकार की ओर से भी एक टीम नेपाल में राहत एवं सहायता के लिए भेजी गई है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड से भेजी गई टीम करीब आठ से दस दिन नेपाल में रहकर वहां की स्थिति का जायजा लेगी। टीम के साथ तत्काल राहत कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि भी भेजी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टीम नेपाल में हालात का विस्तृत आकलन कर वापस लौटेगी। टीम की रिपोर्ट के आधार पर नेपाल को आगे जरूरत के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

