देहरादून। पित्थूवाला पॉलिटेक्निक में शिक्षकों के साथ मारपीट की घटना के विरोध में प्रदेशभर के पॉलिटेक्निक शिक्षक कार्य बहिष्कार पर चले गए हैं। शिक्षकों ने विरोध स्वरूप उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य का भी बहिष्कार कर दिया है।
बताया जा रहा है कि पिछले दिनों पित्थूवाला पॉलिटेक्निक में परीक्षा के दौरान एक छात्र को नकल करने से रोकने पर शिक्षकों के साथ मारपीट की गई थी। घटना के बाद शिक्षकों में भारी रोष व्याप्त है।
प्रकरण को लेकर शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मिला। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। शिक्षकों के अनुसार मुख्यमंत्री ने मामले में उचित कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
वहीं शिक्षकों के कार्य बहिष्कार और मूल्यांकन कार्य रोकने से तकनीकी शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

