देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोमवार को बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पूरे प्रकरण की सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि मामले में बीकेटीसी अध्यक्ष को बचाने का प्रयास किया जा रहा है और साक्ष्यों से छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ भी कोई आरोप हैं तो उनकी भी निष्पक्ष जांच कराई जाए। उनका कहना था कि सच्चाई सामने लाने के लिए पारदर्शी जांच जरूरी है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत पर भी सहकारी बैंक भर्ती सहित अन्य मामलों में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह किसी भी सार्वजनिक बहस और निष्पक्ष जांच के लिए तैयार हैं।
गोदियाल ने सरकार और बीकेटीसी अध्यक्ष से इन आरोपों पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को पूरे मामले की सच्चाई जानने का अधिकार है।

