देहरादून। बैंक में बंधक जमीन को विवादमुक्त बताकर बेचने के मामले में रायपुर थाना पुलिस ने भूमाफिया प्रदीप सकलानी समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई न्यायालय के निर्देश पर की है। आरोपियों पर जमीन बेचते समय बैंक ऋण से जुड़ी जानकारी छिपाने का आरोप है।
रायपुर निवासी पंकज सिंह नेगी ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में प्रॉपर्टी डीलर प्रदीप सकलानी ने उन्हें नेहरूग्राम स्थित एक प्लॉट दिखाया था। बताया गया कि जमीन धर्म सिंह के नाम दर्ज है और उसके पास इसकी विधिवत पावर ऑफ अटॉर्नी है। आरोप है कि जमीन को विवाद और बंधक से मुक्त बताते हुए पहले पांच लाख रुपये एडवांस लिए गए। इसके बाद 10 अगस्त 2023 को प्लॉट की रजिस्ट्री कराकर शेष रकम आरटीजीएस, चेक और नकद के माध्यम से ली गई।
34 लाख रुपये का ऋण बकाया होने का आरोप
पंकज नेगी के अनुसार, वर्ष 2025 में मकान निर्माण के लिए बैंक से ऋण लेने की प्रक्रिया शुरू की तो उन्हें पता चला कि संबंधित प्लॉट पहले से ही केनरा बैंक में बंधक रखा गया है। जमीन पर करीब 34 लाख रुपये का ऋण बकाया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विक्रेता और प्रॉपर्टी डीलर ने जानबूझकर जमीन के बंधक होने की जानकारी छिपाई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रजिस्ट्री के बाद भी टॉप-अप लोन लिया गया और जमीन के मूल दस्तावेज उन्हें उपलब्ध नहीं कराए गए।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
शिकायतकर्ता ने बताया कि मामले में 8 फरवरी को रायपुर थाना और 2 मार्च को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के निर्देश पर रायपुर थाना पुलिस ने प्रदीप सकलानी निवासी पुजार गांव, सत्यों सकलाना, टिहरी गढ़वाल और धर्म सिंह निवासी टिहरी गढ़वाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

