देहरादून। उत्तराखंड में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई जिलों में भूस्खलन, जलभराव और मलबा आने से सड़क संपर्क बाधित हो गया है। यमुनोत्री पैदल मार्ग का एक हिस्सा धंस गया, हाईवे पर बोल्डर गिरने से दो कांवड़ यात्री घायल हो गए, जबकि टिहरी जिले में नौ ग्रामीण संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। डोईवाला-भानियावाला क्षेत्र में बरसाती खालों के उफान से राष्ट्रीय राजमार्ग और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। प्रशासन और संबंधित विभाग राहत एवं मार्ग बहाली के कार्य में जुटे हैं।
यमुनोत्री धाम क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते राम मंदिर के पास यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग का करीब 30 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। वहीं पाली गाड़ के पास यमुनोत्री हाईवे पर चट्टानी पत्थर गिरने से यमुनोत्री से लौट रहे दो कांवड़ यात्री घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
टिहरी में नौ ग्रामीण सड़कें बंद
नई टिहरी में लगातार बारिश के कारण मलबा और बोल्डर गिरने से नौ ग्रामीण संपर्क मोटर मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि रायपुर-कुमाल्डा-कद्दूखाल, घुत्तू-गंगी, गुल्लर-भगवासेरा, गुल्लर-नाई माथियाली, नरेंद्रनगर-रानीपोखरी, देवप्रयाग-गाजा-जाजल, लालपुल-भुत्सी, रानीचौरी-नकोट तथा दिवाड़ा-बांगोली-राजराजेश्वरी मंदिर मार्ग प्रभावित हैं। विभागीय टीमें मार्गों को जल्द खोलने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही हैं।
भानियावाला-ऋषिकेश हाईवे पर जलभराव
जौलीग्रांट और डोईवाला क्षेत्र में भारी बारिश के कारण थानो वन रेंज का बरसाती खाला उफान पर आ गया। खाले का पानी और मलबा भानियावाला-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचने से यातायात प्रभावित हुआ। नगर पालिका डोईवाला की टीम ने जेसीबी की मदद से पानी का रुख मोड़ने का प्रयास किया।
उधर, देहरादून एयरपोर्ट के निकट चोर पुलिया क्षेत्र में बरसाती नाले का पानी कई घरों में घुस गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष भारी बारिश के दौरान उन्हें इसी समस्या का सामना करना पड़ता है। लगातार बारिश से बरसाती खाले में कटाव भी बढ़ गया है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

