देहरादून। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के बरोटीवाला स्थित ग्रेट वैल्यू स्कूल में दो नकाबपोश बदमाशों ने घुसकर प्रधानाचार्य और उनके परिवार को बंधक बना लिया। बदमाश घर से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 90 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल की प्रधानाचार्य नीलम राठौर अपने पति गोपाल सिंह राठौर और बेटे आरव राठौर के साथ मौजूद थीं। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश स्कूल परिसर में दाखिल हुए और तीनों को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे कीमती सामान और नकदी की तलाश शुरू कर दी। उन्होंने सोने-चांदी के आभूषण और करीब 90 हजार रुपये की नकदी अपने कब्जे में ले ली।
दरवाजे का पेंच खोलकर दाखिल हुए बदमाश
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण के अनुसार, बदमाश बाहर के दरवाजे का पेंच खोलकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने दरवाजे पर लगी जाली निकाली और अंदर के दरवाजे की कुंडी खोलकर स्कूल परिसर में प्रवेश किया। बदमाशों ने स्कूल के अंदर रखी अलमारियों को भी खंगाला, जिनमें महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
प्रधानाचार्य को मारने की सुपारी मिलने का दावा
प्रधानाचार्य नीलम राठौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बदमाशों ने उनसे कहा कि उन्हें स्कूल की प्रधानाचार्य को मारने की सुपारी मिली है। हालांकि, बदमाशों को यह जानकारी नहीं थी कि वह स्वयं स्कूल की प्रधानाचार्य हैं। बदमाशों ने उनसे प्रधानाचार्य के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्य अजीत नगर में रहती हैं। इस बातचीत ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस ने जल्द घटना का खुलासा करने का दावा किया है।

