Thursday, September 24, 2026
Homeधर्म-संस्कृतिमां नंदा-सुनंदा की विदाई में भावुक हुआ नैनीताल, जयकारों के बीच निकली...

मां नंदा-सुनंदा की विदाई में भावुक हुआ नैनीताल, जयकारों के बीच निकली भव्य शोभायात्रा

नैनीताल। एक सप्ताह तक मां नंदा-सुनंदा के आगमन के उत्सव में डूबा नैनीताल बुधवार को उनकी विदाई के समय भावुक नजर आया। ढोल-दमाऊ, बैंड-बाजे की धुन, भजन-कीर्तन और मां के जयकारों के बीच शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मां नंदा-सुनंदा के डोले के दर्शन के लिए नैनीताल के साथ ही आसपास के दर्जनों गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

बुधवार सुबह नयना देवी मंदिर में मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों के मंडप स्थल पर आचार्य भगवती प्रसाद जोशी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत की। देवी भोग के बाद दोपहर करीब 12 बजे मंदिर परिसर से मां नंदा-सुनंदा का डोला निकाला गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर मां का स्वागत किया।

ढोल-दमाऊ और कुमाऊंनी वाद्य यंत्रों की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं और स्कूली बच्चे शोभायात्रा में आकर्षण का केंद्र रहे। मां नंदा-सुनंदा के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा।

शोभायात्रा डीएसए मैदान से लोअर मालरोड होते हुए तल्लीताल बाजार पहुंची, जहां पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद डोले को अपर मालरोड, चीना बाबा चौराहा होते हुए ठंडी सड़क तक ले जाया गया। देर शाम मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों का नैनी झील में विसर्जन किया जाएगा।

विदाई के दौरान श्रद्धालुओं की आंखों में भावुकता नजर आई। भक्तों ने अगले वर्ष मां नंदा-सुनंदा के दोबारा आगमन की कामना की। शोभायात्रा के दौरान श्रीराम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य और श्रद्धालु मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments