हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व आयुर्वेद दिवस के अवसर पर हरिद्वार स्थित पतंजलि वेलनेस योगग्राम में पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में योग गुरु और पतंजलि के संस्थापक स्वामी रामदेव भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विश्व आयुर्वेद दिवस के अवसर पर पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम का उद्घाटन होना बेहद शुभ है। उन्होंने कहा कि गुरुकुलम की शुरुआत भारतीय परंपराओं, आयुर्वेद और योग से जुड़ी विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि योग को दुनिया और देश के हर घर तक पहुंचाने के लिए जिन लोगों ने प्रयास किए हैं, उनसे प्रेरणा लेकर भारतीय ज्ञान और परंपराओं को भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए। हमारे पूर्वजों ने जिन परंपराओं और जीवन पद्धतियों को अपनाया, उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
वैदिक और आधुनिक शिक्षा का समन्वय
पतंजलि गुरुकुलम के अनुसार, संस्थान भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध है। यहां पारंपरिक वैदिक शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षा को भी शामिल किया गया है। हरिद्वार स्थित गुरुकुलम में कक्षा चार से 12वीं तक की पढ़ाई का प्रावधान बताया गया है।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भारतीय शिक्षा, आयुर्वेद और योग की परंपराओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध विरासत को शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने से युवा अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ सकेंगे।

