देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की जनसभा के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले के विरोध में मंगलवार को देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और सचिवालय कूच किया।
सुभाष रोड पर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता बैरिकेडिंग पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगे। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। कांग्रेस ने कथित ‘शुद्धिकरण’ के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई।
दून में विभिन्न थानों में दी शिकायत
हल्द्वानी में आठ अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण के मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देहरादून में विभिन्न स्तरों पर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस से जुड़े प्रतिनिधिमंडलों ने रायपुर थाना, नेहरू कॉलोनी थाना और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अजबपुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नेहरू कॉलोनी थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसी राष्ट्रीय नेता के कार्यक्रम स्थल के मंच का कथित रूप से शुद्धिकरण किया जाना सामाजिक सद्भाव, समानता और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने घटना से जुड़े वीडियो, फोटो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर थाने में भी तहरीर दी। पीसीसी सदस्य एवं प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने मामले की तत्काल और निष्पक्ष जांच की मांग की।
तीन सप्ताह बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि घटना के तीन सप्ताह बीतने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। इसी क्रम में नगर निगम पार्षद आयुष गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस महानिरीक्षक का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।
महानगर अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा सुरेंद्र कुमार घेयल ने भी एसएसपी को पत्र सौंपकर कथित शुद्धिकरण की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।

