देहरादून। भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक और स्वास्थ्य परीक्षण (फिजिकल एवं मेडिकल टेस्ट) का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। यह परीक्षण 27 जुलाई से छह अगस्त तक राज्य के सभी जिलों में आयोजित किए जाएंगे।
भर्ती प्रक्रिया के पहले चरण में अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा के माध्यम से मानसिक दक्षता का आकलन किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर 1.6 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इसके अलावा चिन-अप (बीम) और बैलेंसिंग टेस्ट भी लिए जाएंगे।
फिजिकल टेस्ट में सफल होने वाले अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। मेडिकल जांच के दौरान नाक, कान सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की जांच की जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों की सेना में भर्ती के लिए शारीरिक फिटनेस सुनिश्चित की जा सके। भारतीय सेना ने सभी सफल अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की अपील की है।

