देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 27 जुलाई को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में तेज बारिश, बिजली चमकने और गर्जन की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार जिले में भी बिजली चमकने और तेज गर्जन की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में एक अगस्त तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।
जेपी बैंड के पास मलबा आने से एनएच 707ए बंद
लगातार बारिश के बीच मसूरी के जेपी बैंड के पास त्यूणी-चकराता-मसूरी-धनोल्टी-चंबा-मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग 707ए रविवार को फिर बंद हो गया। नाले से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आने से यातायात रुक गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राजमार्ग खंड 707ए की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले दो सप्ताह से बारिश होते ही नालों में जमा निर्माण सामग्री और मलबा सड़क पर आ जाता है, जिससे बार-बार यातायात बाधित हो रहा है। अधिशासी अभियंता विपुल सैनी ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जाएगी।

