देहरादून। अग्निवीर भर्ती योजना को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह और डॉ. हरक सिंह रावत ने योजना पर आपत्ति जताते हुए इसे समाप्त करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस योजना से युवाओं के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड में बड़ी संख्या में परिवार सेना से जुड़े हैं। ऐसे में चार साल की सेवा के बाद अग्निवीरों के सामने भविष्य को लेकर चुनौती खड़ी हो सकती है।
कांग्रेस ने अग्निवीर भर्ती योजना के स्थान पर सेना में पहले की तरह स्थायी भर्ती प्रक्रिया बहाल करने की मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार को इस दिशा में कदम उठाने चाहिए।

